शटडाउन लिए बगैर ही बिजली लाइन को ठीक करने पहुंचे युवक की करंट लगने से मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिवार वालों में कोहराम मच गया।
झिंझाना बिजलीघर से आनंदपुर देहात की बिजली आपूर्ति है। बुधवार दोपहर किसान राजबीर के ट्यूबवेल की लाइन में कुछ फाल्ट आ गया। इसे ठीक करने के लिए गांव हसनपुर लुहारी (थानाभवन) निवासी विजय (22 ) मौके पर पहुंचा। जैसे ही वह खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक करने लगा, तभी उसे करंट लगा। इस कारण वह नीचे आ गिरा। मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। गंभीर हालत के चलते उसको झिंझाना सीएचसी पहुंचाया गया। वहां उपचार के दौरान विजय की मौत हो गई। इसी दौरान उसके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। विजय की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। उधर, विद्युत निगम के एसडीओ शेखर गुप्ता ने बताया कि विजय विद्युत विभाग में कर्मी नहीं था और न ही बिजली लाइन ठीक करने के लिए शटडाउन लिया गया। अवर अभियंता राहुल शर्मा की तरफ से थाना झिंझाना में तहरीर दी गई है। थाना प्रभारी भगवत सिंह ने बताया कि पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
विजय का फूफा है संविदाकर्मी लाइनमैन
झिंझाना। विजय अपने फूफा ओमपाल निवासी गांव सूबरी के यहां रहता था। ओमपाल झिंझाना बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत है। लाइन ठीक कराने के लिए वह विजय को अपने साथ ले जाता था। बुधवार को भी ओमपाल उसे अपने साथ आनंदपुर देहात में ले गया था। ओमपाल का कहना था कि बिजलीघर पर तैनात एसएसओ से शटडाउन लिया था, लेकिन एसडीओ शेखर गुप्ता ने बताया कि शट डाउन नहीं लिया गया था।