कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने संसद के अधिवेशन के दौरान टोल टैक्स समाप्त कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि जीएसटी पास होने के बाद देश में एक समान टैक्स प्रणाली लागू हो गई है, जिसके बाद विभिन्न प्रकार के टैक्स समाप्त हो गए, तो टोल टैक्स को भी समाप्त कराया जाए।
संसद के अधिवेशन में नियम 377 के तहत उन्होंने मांग रखते हुए कहा कि देश के विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य मार्गों पर मनमाने तरीके से टोल टैक्स की वसूली हो रही है। इससे टोल टैक्सों पर जाम भी लगता है, जिसमें करोड़ों रुपये कीमत के पेट्रो पदार्थों की बर्बादी होती है। ऐसे भी स्थान हैं, जहां टोल बैरियर का औचित्य ही नहीं है, वहां भी टोल टैक्स वसूला जा रहा है। इनमें पानीपत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर कैराना पुल के पार हरियाणा राज्य की तरफ वाहनों से अवैध वसूली हो रही है, जबकि जीएसटी लागू होने के बाद टोल टैक्स बंद हो जाना चाहिए था।
गौरतलब है कि वेस्ट यूपी में ही मेरठ के सिवाया, हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर और गाजियाबाद के डासना में हाईवे पर टोल टैक्स वसूली हो रही है। इसके अलावा शामली, मुजफ्फरनगर सहित अन्य जनपदों में जिला पंचायत के ठेकों के नाम वसूली चल रही है। य
--- डंडे के दम पर भी हो रही है वसूली
मेरठ-करनाल हाईवे पर मुजफ्फरनगर जनपद की सीमा में नगवा मोड़ के पास कुछ लोगों ने तंबू लगा रखा है। वहां पर युवक दिन और रात में डंडे लेकर सड़क के डिवाइडर पर बैठे रहते हैं और शामली की तरफ से जाने वाले भारी वाहनों को रोक कर अवैध वसूली की जाती है। युवकों ने तंबू के पास बैनर भी लगा रखा है, जिस पर जिला पंचायत के ठेके नाम पर टैक्स वसूली की दरें लिखी गई हैं। इसी तरह शामली जनपद के झिंझाना क्षेत्र में वाहनों से टैक्स के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है।