मेरी आवाज सुनोकैराना रोड पर लगा गंदगी का ढेर
कांधला। नगर पालिका हर माह सफाई व्यवस्था पर 15 लाख रुपये खर्च करने का दावा कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है। कस्बे के कैराना मार्ग बाईपास पर सड़क किनारे कई दिनों से कूड़े का अंबार लगा हुआ है। गंदगी से उठ रही दुर्गंध के कारण राहगीरों और आसपास के लोगों का वहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। बरसात के मौसम में लोगों को संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका भी सता रही है।
बोले लोग
समीम अहमद ने बताया कि सफाई कर्मचारी सुबह कूड़ा सड़क किनारे डालकर चले जाते हैं, लेकिन उसका समय पर उठान नहीं होता। दिनभर कूड़ा पड़ा रहने से दुर्गंध फैलती रहती है और लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
इसरार का कहना है कि यदि कूड़े का नियमित निस्तारण किया जाए तो लोगों को इस समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि बरसात में यह गंदगी डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का कारण बन सकती है।
समीर ने बताया कि इस संबंध में कई बार नगर पालिका में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने डीएम से मामले का संज्ञान लेकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
इनाम ने बताया कि पूरे कस्बे का कूड़ा बाईपास मार्ग पर डाला जा रहा है। गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों का घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है।
कस्बे में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। जिस स्थान पर कूड़ा डालने की शिकायत मिली है, वहां आसपास के कुछ लोग भी गंदगी डाल रहे हैं। उन्हें कई बार मना किया जा चुका है। ऐसे लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किया जाएगा। साथ ही संबंधित स्थान की सफाई कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। - नजमुल इस्लाम, अध्यक्ष, नगर पालिका