शोभायात्रा में शामिल झांकियों ने मन मोहा
कांधला। नगर में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर भव्य शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में दर्जन भर झांकियां बैंडबाजे शामिल रहे। शोभायात्रा का नगर के कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया।
मंगलवार को नगर के मोहल्ला कानूनगोयान स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर समिति के तत्वावधान में प्रति वर्ष की तरह भव्य विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चौधरी विरेंद्र सिंह एमएलसी ने दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा का उद्घाटन किया। शोभायात्रा में भगवान गणेश, राधा कृष्ण, मीरा कृष्ण, साईं सहित दर्जनभर झांकियां शोभायात्रा में शामिल रही। दो किलो मीटर लंबी शोभायात्रा को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मार्गों पर उपस्थित रही। शोभायात्रा मंदिर स्थल से प्रारंभ होकर नगर मोहल्ला घोलानान, मौलानान, खैल, शेखजादगान सहित अन्य मार्गों से होती हुई मंदिर स्थल पर संपन्न हुई। शोभायात्रा में कई झांकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रही साथ ही शोभायात्रा में शामिल बाहर से आए बैंड और डीजे की पर राम और हनुमान भजनों पर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। भगवान बजरंग बली की भक्ति में सराबोर होकर श्रद्धालुगण झूम झूमकर नाचते रहे और जमकर अबीर गुलाल उड़ाया। शोभायात्रा नगर का कई स्थानों पर धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के द्वारा जलपान की व्यवस्था के साथ भव्य स्वागत किया। शोभा यात्रा में भगवान बाला जी महाराज का मुख्य रथ आकर्षण का केंद्र रहा। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं को सवा मणी का प्रसाद वितरण किया। इस दौरान दीपक सैनी, संजीव आडवाणी, अरुण गर्ग, नरेश सैनी, सीटू, सोनू महेश्वरी, दिनेश चंद गुप्ता, जीवन, कपिल सेन, मोहनलाल सेन सहित हजारों लोग शोभा यात्रा में उपस्थित रहे।