अमर उजाला ब्यूरो
थानाभवन। बच्चों को स्कूल लेकर आ रही जीप सामने से ट्रैक्टर के आ जाने से अनियंत्रित होकर गड्ढे में फिसल गई। हादसे में चार स्कूली बच्चे घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार दिलाया गया है।
एल्पाइन विद्यापीठ स्कूल की जीप चालक शुक्रवार को गांव गोगवान, कुतुबगढ़ व मुल्लापुर से करीब 20 बच्चों को लेकर स्कूल आ रहा था। मुल्लापुर मार्ग पर जीप के सामने अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली आ गई। चालक ने ट्रैक्टर को बचाने का प्रयास किया तो जीप अनियंत्रित हो कर सड़क किनारे बने गड्ढे में फंस गई। इस पर बच्चों ने शोर मचा दिया। आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और जीप को सीधा किया। जीप में सवार गोगवान गांव निवासी अजय कुमार कक्षा छह, अभय कक्षा नौ, सलोनी कक्षा आठ, अक्षित कक्षा चार घायल हो गए। इसके बाद बच्चों को कस्बे के एक निजी चिकित्सक के यहां प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना पर बच्चों के परिजन स्कूल पहुंचे और प्रबंध निदेशक से वार्ता कर चालक को हटाने की मांग की। परिजन अमरपाल, ऋषिपाल आदि ने कहा कि चालक तेज गति से वाहन चलाता है, जिससे कभी भी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इस पर प्रबंध निदेशक ने परिजनों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
रास्ते की चौड़ाई कम थी और सामने से ट्रैक्टर ट्रॉली आ रही थी। जिसे बचाने में गाड़ी का पहिया गड्ढे में फंस गया था। सभी बच्चे सुरक्षित है। परिजनों ने भी जो मांग रखी है, स्कूल प्रशासन इस पर भी कार्रवाई कर रहा है। - संदीप बंसल, प्रधानाचार्य एल्पाइन विद्यापीठ स्कूल।