बुखार से गंगेरू में एक और मौत
कांधला। ग्राम गंगेरू निवासी व्यक्ति की बुखार के चलते मौत हो गई। वहीं, सप्ताह भर के अंदर गंगेरू में बुखार की वजह से पांच मौत हो जाने पर ग्रामीणों में दहशत है। जिलाधिकारी से ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य कैंप लगवाने की मांग की है।
ग्राम गंगेरू निवासी बालेश्वर (45 वर्षीय) पिछले काफी दिनों से बुखार से पीड़ित था। परिवार के लोगों के अनुसार पहले उसका एक निजी चिकित्सक से उपचार कराया गया। हालांकि उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार रात उसकी हालत अधिक बिगड़ गई। बालेश्वर को परिवार के लोग उसे शामली ले जा रहे थे। इस बीच उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों में अमित, राहुल, देवेंद्र, सोमपाल, सरवर, उदयपाल, सुलेमान और यामीन आदि ने बताया कि गांव में पिछले एक सप्ताह के अंदर चांद, इस्लाम, सौरभ, इलियास की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाए जाने की मांग की है।