गठबंधन की ताकत से भाजपा में है बौखलाहट : जयंत
शामली। कैराना लोकसभा सीट के उपचुनाव में गठबंधन से रालोद प्रत्याशी तबस्सुम हसन के समर्थन में रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने बुधवार को क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क किया। नुक्कड़ सभाओं के दौरान उनके निशाने पर केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार रहीं। उन्होंने कहा कि किसान, व्यापारी, मजदूर हर वर्ग भाजपा के राज में त्रस्त है। उन्होंने कहा कि गठबंधन की ताकत से भाजपा में बौखलाहट है।
बुधवार को रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने गांव गोहरपुर, नंगली, तलवा माजरा, खेडी बैरागी, फतेहपुर, हाथी करौदा, खानपुर, बुटराडा, कासोपुर, सोंटा, बंतीखेडा और बनत में जनसंपर्क किया। गांव सोंटा में सभा के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसीलिए दंगा और जिन्ना का मुद्दा भाजपा उठा रही है, जबकि जनता को बीते चार साल में हुए विकास का हिसाब चाहिए। भाजपा ने जितने भी वादे किए थे, उनमें से कोई भी पूरा नहीं हो सका। किसानों को 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा चौकीदार बन गया, जिसके राज में देश का पैसा लेकर नीरव मोदी जैसे लोग विदेश भाग गए।
उन्होंने कहा कि 27 मई को बागपत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा अनैतिक है, क्योंकि कैराना उपचुनाव में जिन्ना पर गन्ना भारी हो गया है और भाजपा नेतृत्व में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि जब जब राष्ट्र पर संकट आया, तो किसान और मजदूर ने जाति धर्म की परवाह किए बगैर एकता के साथ उसका मुकाबला किया और आज राष्ट्र में तानाशाही स्थापित कर लोकतंत्र पर प्रहार किए जा रहे हैं। अपने कुछ चहेतों व निजी स्वार्थ पूर्ति के लिए जनविरोधी व राष्ट्र विरोधी फैसलों की भरमार हो गई है। बीते चार साल में नोटबंदी, जीएसटी, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में बढ़ोत्तरी, रक्षा सौदों में अनियमितताएं, चहेती कंपनियों को लाभ पहुंचाने के लिए भाजपा काम कर रही है। बांग्लादेश से धान आयात, आस्ट्रेलिया से गेहूं और पाकिस्तान से चीनी का आयात करना भाजपा की खराब नीति को प्रमाणित करता है। इस दौरान पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता राव अब्दुल वारिस, पूर्व विधायक पंकज मलिक, पूर्व विधायक नवाजिश आलम, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, पूर्व मंत्री किरणपाल कश्यप, कर्नल ब्रहमपाल तोमर, रालोद के प्रदेश प्रवक्ता सुनील रोहटा, बिजेंद्र मलिक, त रसपाल मलिक, बिजेंद्र मलिक, सतबीर पंवार, जिलाध्यक्ष योगेंद्र चेयरमैन मौजूद रहे। उधर, गांव दखोड़ी जमालपुर में जिला पंचायत सदस्य ठाकुर शेर सिंह राणा के फार्म हाउस पर सभा में सांसद धर्मेंद्र यादव, सपा के राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव, पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह और एमएलसी राजपाल कश्यप का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सपा नेताओं ने निकाली साइकिल रैली
शामली। कैराना उपचुनाव के लिए बुधवार को सपा नेताओं ने शामली में साइकिल रैली निकाली। सपा के पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान ने युवाओं को साथ लेकर साइकिल रैली निकाली। शहर के अजंता चौक, फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, नोकुआं रोड, नंदू प्रसाद, गोशाला रोड, माजरा रोड, शिव चौक होते हुए विभिन्न मार्गों पर साइकिल रैली निकालकर गठबंधन प्रत्याशी के समर्थन में जनसंपर्क किया गया।
सपा ज्वाइन कराई
शामली। सपा नेताओं की मौजूदगी में बुधवार को शामली में सपा कार्यालय पर लोकजन शक्ति पार्टी किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष उग्र सिंह चौहान, प्रवीण कुमार चौहान, विपिन चौहान, प्रदेश सचिव हरेंद्र कुमार, एबीवीपी के प्रिंस पारस और कोरी समाज से संजीव कुमार, अमित कुमार और भाजपा से जुड़े रहे अरुण कुमार उर्फ बिट्टू ने सपा का दामन थाम लिया। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अशोक चौधरी, उमेश प्रधान, विनोद वर्मा, संजीव, राधेश्याम गिरि आदि मौजूद रहे।
-