ओवरलोड वाहनों और सड़क के दोनों ओर हो रहे अतिक्रमण के चलते कस्बा कांधला में ट्रैफिक जाम के कारण लोग परेशान हैं। डीएम को पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की गई है।
कस्बा कांधला में दिल्ली बस स्टैंड , रेलवे रोड पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण होने के कारण वाहनों को आवागमन बाधित होता है। इसके अलावा भारी वाहनों की अधिकता हो गई है, जो ट्रैफिक जाम का कारण बन रही है। सोमवार को भी ट्रैफिक जाम के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिल्ली हाईवे पर जाम लगने से कस्बा कांधला में रेलवे रोड, बाईपास, कैराना रोड तक वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक जाम को खुलवाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे तक बाद जाम खुलवाया जा सका। व्यापारी विपिन, देवेंद्र, विकास, दिनेश, राहुल, उमेद और सचिन ने बताया कि ट्रैफिक जाम के कारण व्यापार करने में भी परेशानी हो रही है। व्यापारियों नेे जिलाधिकारी को पत्र भेजकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।