पूर्व सांसद की पुण्यतिथि पर जरूरतमंदों को कंबल वितरित
कैराना(शामली)। पूर्व सांसद चौधरी मुनव्वर हसन की नौवीं पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी पूर्व सांसद तबस्सुम हसन व उनके भाई कैराना नगर पालिका के चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने आवासों पर कुरान ख्वानी कराकर जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इनके अलावा कस्बे की कई मस्जिदों व मदरसों में भी पूर्व सांसद के लिए खिराज-ए अकीदत पेश की।
10 दिसंबर 2008 को कैराना के पूर्व सांसद चौधरी मुनव्वर हसन की आगरा से एक शादी समारोह से लौटते समय कार हादसे में मौत हो गई थी। रविवार को पूर्व सांसद चौधरी मुनव्वर हसन की नौवीं पुण्यतिथि पर उनके आवास पर उनकी पत्नी पूर्व सांसद तबस्सुम हसन ने गरीबों को कंबल वितरित किए। वहीं, उनके भाई व कैराना नगर पालिका के नवनिर्वाचित चेयरमैन हाजी अनवर हसन ने अपने आवास पर गरीबों को कंबल वितरित कर कुरान ख्वानी कराकर पूर्व सांसद मुनव्वर हसन की मगफिरत के लिए दुआ कराई। वहीं, कस्बे की कई मस्जिदों व मदरसों में भी पूर्व सांसद मुनव्वर हसन को बच्चों से कुरान पढ़वाकर मगफिरत के लिए दुआएं कराई गई।