कैराना (ब्यूरो)। विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में रविवार को विश्व मानवाधिकार दिवस का आयोजन किया गया। प्राचार्य डाक्टर चमन लाल ने छात्र-छात्राओं को मानवाधिकार की शपथ ग्रहण करवाई। कहा कि देश में लोकतंत्र की रक्षा के लिए मानवाधिकार की उस मूल घोषणा का सम्मान जरूरी है, जिसके अनुसार सभी मनुष्य जन्म से ही गरिमा और अधिकारों की दृष्टि से समान है। डाक्टर अजय बाबू शर्मा ने विद्यार्थियों को संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार घोषणा पत्र के प्रमुख बिंदुओं से परिचित कराया। कार्यक्रम के आयोजक डॉक्टर मोहित मलिक ने विद्यार्थियों को मानवाधिकार का अर्थ बताते हुए इन्हें भारतीय समाज के लिए प्राण तत्व के समान बताया। कहा कि इससे ही जाति और धर्म की विषमता को खत्म किया जा सकता है। डॉक्टर शिशुपाल सिंह ने बताया कि तकनीकी प्रगति और विकास के लिए मानवाधिकारों के व्यवहार द्वारा अनुकूल माहौल पनपता है। डॉक्टर रीनू ने कहा कि मानवाधिकारों के पालन से ही स्त्री की गरिमा और सम्मान को सुनिश्चित किया जा सकता है। इस अवसर पर डॉक्टर योगेंद्र कुमार, डॉक्टर हरेंद्र सिंह, डॉक्टर संदीप कुमार, डॉक्टर दीपक कुमार नेे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया।