राज्य कर्मचारियों का दर्जा मिले
शामली। जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का जिला बाल विकास परियोजना कार्यालय के बाहर मैदान में 13 सूत्री मांगों को लेकर 37वें दिन बेमियादी धरना जारी रहा। वक्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य कर्मचारियों का दर्जा दिलाने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान हुई सभा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें बहुत कम मानदेय दिया जा रहा है। पिछले 18 माह से आंगनबाड़ियों को मानदेय नहीं मिल पाने से बदहाली भरा जीवन जीने को विवश होना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 18 हजार रुपये से कम मानदेय स्वीकार नहीं होगा। इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरिता, ललिता देवी ने आरोप लगाया है कि जिले के विधायक व सांसद भी उनकी सुध नहीं ले रहे हैं। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में अपने संकल्प पत्र में आंगनबाड़ियों को सम्मानजनक मानदेय दिए जाने का वादा किया गया था। भाजपा की सरकार बनने के आठ माह बाद उनकी मांगों पर भाजपा सरकार ने कोई गौर नहीं किया है। इस मौके पर शामली ब्लाक अध्यक्षा मोनिका शर्मा, पवन, कौशल्या, रीता रानी, विजय प्रभा, सीमा, रीतु, सुशीला, रेखा, मुन्नी, कविता, सुमन, बबीता समेत सभी आंगनबाड़ी मौजूद रहीं।