नगर निकाय चुनाव पास आते ही लोग वोट मांगने वाले प्रत्याशियों के लिए शहर और मोहल्लों की समस्याओं को लेकर जागरूक हो रहे हैं। वोटरों का साफ कहना है कि इस बार शहर का विकास करने वाले प्रत्याशी को ही चेयरमैन बनाया जाएगा। जो भी चेयरमैन शहर में जलभराव, सड़क और नालों की समय पर सफाई कराएगा उसे ही वोट दिया जाएगा। अमर उजाला टीम ने बृहस्पतिवार को नगर पालिका शामली के वार्ड 17 के मोहल्ला नौ कुआं में पहुंचकर वोटरों से वार्ता करते हुए उनके मुद्दे जाने।
मोहल्ला नौ कुआं रोड में रहने वाले नीरज प्रजापति का कहना है कि वार्ड में सफाई की बहुत बड़ी समस्या है। सफाई कर्मचारी हर दिन कूड़ा उठाने के लिए नहीं आते है। चौराहों पर कूडे़दान की भी व्यवस्था नहीं है। वहीं रामसुख ने बताया कि खंभों पर लगी स्ट्रीट लाइटें काफी काफी समय तक खराब हैं। जिससे गलियों में अंधेरा रहने से लूटपाट व चोरी की घटनाओं को बढ़ावा मिलता है। समय पर लाइटें ठीक होती रहनी चाहिए। विशाल निर्वाल ने बताया कि सरकारी हैंडपंप या तो खराब रहते हैं या फिर दूषित पानी देते हैं। जिस ओर समय पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
भारत और इंदू ने बताया कि सरवरपीर रोड पर जलभराव की बड़ी समस्या है। नालों की समय पर सफाई न होने से यह समस्या रहती है। जलभराव की समस्या दूर करने वाले प्रत्याशी को ही वोट देंगे। रियाज अली ने बताया कि काफी समय से सड़क भी नहीं बनवाई गई है। नई योजना में सड़क का निर्माण होना चाहिए। जिससे सभी आसानी से आ जा सके।