कस्बे के मोहल्ला सगाजीपुरा में बृहस्पतिवार रात इंवर्टर में हुए फाल्ट को चेक करते समय करंट लगने से फल व्यापारी के पुत्र की मौत हो गई। युवक की एक महीने बाद ही शादी होने वाली थी।
मोहल्ला सगाजीपुरा निवासी फल व्यापारी नसीर का पुत्र वसीम (25) बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे घर में था। इसी दौरान इंवर्टर से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। वसीम जैसे ही इंवर्टर को चेक करने लगा, तो उसे करंट का जोरदार झटका लगा। उसका छोटा भाई भी वहां मौजूद था। उसने वसीम को हटाने का प्रयास किया, तो उसे भी तेज करंट लगा और वह दूर जा गिरा। वसीम तेज झटके के साथ सीढ़ियों से नीचे जा गिरा। शोर सुनकर परिवार के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद बेहोशी की हालत में वसीम को अस्पताल ले जाया गया। वहां से शामली रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले वालों ने बताया कि वसीम की एक महीने बाद ही शादी होने वाली थी। फल व्यापारी के परिवार के लोग शादी की तैयारियों में लगे थे, लेकिन करंट लगने के कारण वसीम की जान चली गई। उधर, शुक्रवार को वसीम का शव सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।