डीआईओएस ने गोद लिए परिषदीय स्कूलों और राज्य कौशल मिशन के तहत आए पुष्टाहार वितरण का औचक निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने स्कूलों में पंजीकरण के अनुसार बच्चों की कम उपस्थिति और शौचालय की सफाई को लेकर नाराजगी जताई।
डीआईओएस एसएम सिद्दीकी ने ऊन क्षेत्र के गांव बल्ला माजरा और बसी चुंधियारी के प्राथमिक, उच्च प्राथमिक स्कूल को गोद ले रखा है। जिनका शुक्रवार को उन्होंने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों गांवों में पुष्टाहार वितरण की जांच की। स्कूलों में पहुंचकर साफ सफाई, मिड-डे मील, बच्चों और शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि दोनों स्कूलों में मिड-डे मील मेन्यू के अनुसार ताहरी बनी मिली। जिसकी गुणवत्ता ठीक पाई गई। स्कूल की सफाई ठीक पाई गई। जबकि स्कूलों में चारदीवारी टूटी मिली और शौचालयों की सफाई ठीक नहीं मिली। वहीं, बच्चों की पंजीकरण के अनुसार संख्या कम पाई गई। बल्ला माजरा पूर्व माध्यमिक स्कूल में 60 बच्चों पर केवल एक शिक्षिका ही तैनात मिली। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की संख्या बढ़ाने और शौचालयों की सफाई ठीक कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों की कमी को पूरा कराने के लिए उन्होंने बीएसए को पत्र भेजा है।