अमर उजाला ब्यूरो
शामली। यूपी बोर्ड परीक्षा बृहस्पतिवार को शुरू हो गईं। जिले में पहले दिन कुल 32 परीक्षा केंद्रों में से 23 परीक्षा केंद्रों पर इंटरमीडिएट की मनोविज्ञान और शिक्षा शास्त्र की परीक्षा हुई। दोनों विषयों की परीक्षा में 680 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 44 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि हाईस्कूल में पहली पाली में संगीत गायन का प्रश्नपत्र था, लेकिन जिले में कोई भी परीक्षार्थी संगीत गायन विषय का न होने के कारण पहली पाली में कोई परीक्षा नहीं हुई। द्वितीय पाली में दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक इंटरमीडिएट की मनोविज्ञान और शिक्षा शास्त्र की परीक्षा हुई। आरके इंटर कालेज शामली में बनाए गए उत्तर पुस्तिकाओं के संकलन केंद्र प्रभारी इस पाली में मनोविज्ञान के कुल 101 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 98 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित हुए, जबकि तीन परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मलित नहीं हुए। इसी तरह शिक्षा शास्त्र की परीक्षा में कुल 623 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनें से 582 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 41 ने परीक्षा छोड़ दी। इस तरह दोनों विषयों में कुल 724 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 680 ने परीक्षा दी जबकि 44 परीक्षा में सम्मलित नहीं हुए। जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने मालेंडी, गढ़ीपुख्ता, चौसाना आदि के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा स्थगित
शामली। बेसिक शिक्षा अधिकारी गीता वर्मा ने बताया कि परिषदीय विद्यालयों में कक्षा तीन से आठवीं तक होने वाली विद्यालय स्तर की परीक्षा एक फरवरी को संपन्न हो चुुकी हैं। इसके बाद यह परीक्षा न्याय पंचायत स्तर पर आठ फरवरी को होनी प्रस्तावित थी। इसके साथ ही ब्लाक एवं जिला स्तर पर होने वाली परीक्षा का कार्यक्रम भी घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि अपरिहार्य कारणों के चलते न्याय पंचायत, ब्लाक और जिला स्तर पर होने वाली परीक्षा को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। इन परीक्षाओं की तिथि बाद में घोषित की जाएगी। उन्होंने सभी न्याय पंचायतों को भेजे गए प्रश्नपत्रों के लिफाफों को सुरक्षित रखे जाने के निर्देश प्रधानाध्यापकों को दिए हैं।