दस सभासदों ने किया बोर्ड बैठक का बहिष्कार
अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में विरोधी पक्ष के दस सदस्यों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार किया। सभासदों ने कहा कि बोर्ड बैठक में सभासदों का प्रयोग कर करोड़ों के प्रस्ताव पास कर उनमें मानक के अनुरूप कार्य न करने आरोप लगाते हुए विकास कार्यों की जांच की मांग उठाई।
पालिका सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक के दौरान कस्बे में होने वाले विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव पास किए जाने थे। नगर पालिका कांधला मेेें 25 सभासदों में एक सभासद की बीमारी के चलते पूर्व में ही मौत हो चुकी है। लेकिन बोर्ड बैठक शुरू होने से पूर्व दस सभासदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। बहिष्कार करने वाले सभासदों जावेद, दीपक, पूजा, रानी, मोहिद, मनीष, अरविंद, फरजाना, जमशेद, आसमीन, अरुण गर्ग आदि ने आरोप लगाए कि कर्मचारी से लेकर पालिका प्रशासन मनमानी कर रहा है। सभासदों ने आरोप लगाया कि वार्ड की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक माह बोर्ड बैठक बुलाई जानी थी। लेकिन बार बार कहने के बाद भी बैठक आयोजित नहीं की गई है। नगर पालिका सभागार में सभासदों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। बोर्ड बैठक में जो प्रस्ताव पास किए जाते हैं। उनमें मानक के अनुसार कार्य नहीं किया जाता। कस्बे में चारों तरफ गंदगी के ढेर लगे हैं। नालियों की सफाई न होने से सड़कें गंदगी से अटी है। नगरपालिका द्वारा सोलर लाइटें लगाई गई हैं। उनमें 90 प्रतिशत खराब हैं। बार-बार कहने पर भी लाइट ठीक नहीं की जा रही हैं। सभासदों ने डीएम से पालिका द्वारा किए गए विकासकार्यों की जांच की मांग की है। सभासदों ने चेतावनी दी कि जब तक पालिका प्रशासन अपनी मनमानी बंद नहीं करता। सभासदों द्वारा बोर्ड बैठक का बहिष्कार जारी रहेगा। उधर, कांधला नगरपालिका परिषद के चेयरमैन वाजिद हसन ने कहा कि अभद्र व्यवहार के मामले में जांच कराकर विधिवत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सभासदों को परेशानी है तो वे लिखित में दें। समस्याओं का समाधान किया जाएगा। बोर्ड बैठक का बहिष्कार करने से कोई समाधान नहीं निकल पाएगा। अगर कोई कार्य उन्हें लगता है कि मानक अनुसार नहीं है तो उसकी लिखित शिकायत करें। मामले की जांच कराई जाएगी।