शामली। तीन दिन से बैंक बंद होने का असर एटीएम सेवा पर भी हुआ। रविवार को शहर के अधिकांश एटीएम के शटर डाउन हो गए। जो खुले थे उनमें नगदी नहीं थी या खराब थे। दो तीन एटीएम चालू मिले, लेकिन यहां ग्राहकों की भीड़ थी। लोग नगदी के लिए इधर उधर भटकते रहे। आज बैंक खुलने पर काफी भीड़ भाड़ रहने की संभावना है।
रेलवे स्टेशन पर लगे एसबीआई के एटीएम का शटर बंद था। स्टेशन पर आए कुछ यात्री नकदी के लिए यहां आए, लेकिन मायूस लौटे। राजकुमार, दीपचंद ने बताया कि शहर के दो एटीएम चेक किए वहां भी पैसा नहीं मिला। वहीं, धीमानपुरा फाटक के निकट लगा एक्सिस बैंक का एटीएम खुला था, लेकिन मशीन काम नहीं कर रही थी। यहां आने वाले लोग वापस लौट रहे थे। उधर, वर्मा मार्केट स्थित इंडियन बैंक के एटीएम का शटर बंद था। यहां कैश के लिए आए राहुल, दीपक और प्रवीण वापस लौटे। बताया कि दो दिन से यही समस्या हो रही है। धीमानपुरा फाटक पर लगा इंडियन ओवरसीज बैंक का एटीएम बंद पड़ा था। इसका शटर लगा था। लोगों ने बताया कि ये अक्सर खराब ही रहता है। यहां नकदी को आने वाले वापस लौट रहे थे। उधर, मार्श गंज मंडी स्थित पीएनबी का एटीएम खुला था, लेकिन उसमें नगदी नहीं थी। बीच बाजार में होने की वजह से इस एटीएम पर नगदी लेेने वालों का दबाव भी काफी रहता है, लेकिन तीन दिन से बैंक बंद होने के कारण ये भी खाली था।
खुले एटीएम पर लगी लोगों की भीड़
शहर के एमएसके रोड स्थित एसबीआई का एटीएम चालू था और नकदी थी। प्रवीण, शोभित आदि ने बताया कि इस रोड पर केवल केवल दो ही एटीएम में कैश है। इस वजह से यहां अधिक भीड़ है। इसी तरह इसी रोड पर कॉपोरेशन बैंक का एटीएम भी चल रहा था। यहां लोगों की काफी भीड़ थी।
बैंक से आज ही कर लें लेनदेन
यदि आपको बैंक से अपना जरूरी काम है तो आज ही कर लें। क्योंकि 25 दिसंबर को क्रिसमस का अवकाश रहेगा। इसके बाद 26 दिसंबर को फिर से बैंकों में हड़ताल प्रस्तावित है। पिछले तीन दिनों से भी बैंक बंद थे। इसलिए आज बैंकों में काफी भीड़ रहने की संभावना है।