कैराना (शामली)। शामली के ओएसडी विधा शंकर पटेल के कैराना बार भवन में प्रथम आगमन पर अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बार एसोसिएशन कैराना की ओर से जिले में सेशन डिवीजन की भी मांग की गई।
शुक्रवार की दोपहर ओएसडी शामली विधा शंकर पटेल कैराना बार भवन में पहुंचे, जहां अधिवक्ताओं ने उनका स्वागत किया। बार एसोसिएशन कैराना के अध्यक्ष खड़क सिंह चौहान ने ओएसडी को बताया कि शामली को जिला बने हुए लगभग साढ़े छह वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक यहां सेशन डिवीजन घोषित नहीं हुआ। इससे शामली के वादकारियों को भारी असुविधा का सामना करते हुए अपने धन और कीमती समय व्यर्थ करते हुए मुजफ्फरनगर जाना पड़ता है। उन्होंने जिले में सेशन डिवीजन घोषित कराने का आग्रह किया। ओएसडी ने उन्हें आश्वासन दिया है। कार्यक्रम का संचालन बार महासचिव संजय कश्यप ने किया। इस दौरान वीरेंद्र सैनी, शालिनी कौशिक, दिनेश चंद शर्मा, राजबीर सिंह, मुनेंद्र सिंह, आरिफ आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे।
हड़ताल पर रहे वकील
शुक्रवार को बार एसोसिएशन कैराना की एक बैठक बार भवन में अध्यक्ष खड़क सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कहा गया कि शामली को जिला बने हुए लगभग साढे छह वर्षों का समय बीत जाने के बाद भी जिले में सेशन डिवीजन घोषित नहीं हुआ है। इसमें अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से न्यायिक कार्यों से विरत रहने का निर्णय लिया। इसके बाद न्यायालयों में अधिवक्तागण कार्यों से विरत रहे।