कैराना (शामली)। तहसील प्रशासन ने राजस्व टीम और पुलिस बल को साथ लेकर क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी में ग्राम सभा की लगभग आठ बीघा भूमि से कब्जा हटवाया।
शासन के निर्देश पर सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटवाने का कार्य जारी है। शुक्रवार को तहसीलदार अभयराज पांडेय राजस्व टीम व पुलिस बल के साथ गांव बुच्चाखेड़ी में ग्राम सभा की भूमि पर पहुंचे। वहां पर आठ बीघा सरकारी भूमि की पैमाइश कराई, जिस पर भूमाफिया द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर खेती की जा रही थी। भूमि के चिन्हीकरण के बाद तहसीलदार ने जेसीबी मशीन से फसलों को नष्ट करा दिया और जमीन को कब्जा मुक्त कराने के बाद मेढ़बंदी करा दी गई। कार्रवाई के दौरान प्रशासन का रुख देख भूमाफिया मौके से फरार हो गए थे। वहीं, प्रशासन ने भूमाफियाओं को चेताया कि यदि दोबारा उक्त भूमि पर कब्जा किया गया, तो इस बार सख्त कार्रवाई होगी। तहसीलदार अभयराज पांडेय ने बताया कि बुच्चाखेड़ी में उपरोक्त भूमि से कब्जा हटवाया गया है। क्षेत्र में जहां भी जमीनों पर अवैध कब्जा है, उन्हें भी जल्द ही कब्जामुक्त करा दिया जाएगा।