शहर के जैन कन्या इंटर कॉलेज में नारी सुरक्षा सप्ताह अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने किया। उन्होंने सभी को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए छात्राओं को चुप्पी तोड़कर और खुलकर बोलते हुए समस्याओं का सामना करने के लिए प्रेरित किया।
मंगलवार को शहर के जैन कन्या इंटर कॉलेज में पुलिस द्वारा चार दिसंबर से लेकर 10 दिसंबर तक चलने वाले नारी सुरक्षा सप्ताह अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह और एसपी अजयपाल शर्मा रहे। डीएम ने सभी छात्राओं को चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो का नारा देते हुए सभी छात्राओं को अपने अंदर छिपी दहशत से बाहर निकलकर खुलकर बोलते हुए समस्याओं का सामना व कमेंटसबाजी का कड़क आवाज में जवाब देने के लिए छात्राओं को प्रेरित किया। वहीं, एसपी अजयपाल शर्मा ने छात्राओं को कोई समस्या होने पर डायल 100 और महिला हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करने का आग्रह किया, जिससे पुलिस समय पर मौके पर पहुंचकर सहायता कर सके। वहीं, सभी छात्राओं को अपने बैग में मिर्ची पाउडर जैसा सामान भी रखना चाहिए। यदि कोई भी लड़का पीछा करता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को या अभिभावकों को दें, जिससे समय रहते समस्या का हल किया जा सके। इसके साथ ही सीओ अशोक कुमार ने छात्राओं को अपने अंदर के डर को खत्म कर कठिनाइयों का सामना करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि जब तक तुम डरते रहोंगे तब तक लड़कियों के साथ छेड़छाड़ बढ़ती रहेगी, जिसके बाद सभी छात्राओं व महिला शिक्षकों को शपथ दिलाई।