कांग्रेस के पूर्व सांसद चौधरी अख्तर हसन का शव जब कैराना पहुंचा, तो लोगों की आंखें नम हो गईं। वहीं, उनके इंतकाल की सूचना पर राजनीतिक और सामाजिक लोग भी शोक संवेदना जताने उनके आवास पर पहुंचे। मगरिब की नमाज के बाद उनका शव कब्रिस्तान ले जाकर सुपुर्द ए खाक किया गया।
पूर्व सांसद चौधरी अख्तर हसन का निधन दिल्ली स्थित राममनोहर लोहिया अस्पताल में हुआ। इसके बाद अपराह्न करीब साढ़े तीन उनका शव कैराना में पैतृक आवास मोहल्ला आल दरम्यान लाया गया। इस दौरान भाजपा सांसद हुकुम सिंह, कलस्यान खाप के चौधरी रामपाल सिंह, कांग्रेस के पूर्व विधायक बाबू बशीर अहमद, डाक्टर जितेंद्र बाजवा, पूर्व चेयरमैन राशिद अली, रियासत राणा, पूर्व प्रमुख वाजिद अली, पूर्व प्रमुख अय्यूब जंग, पूर्व प्रमुख असलम, मौलाना राशिद कांधलवी, मौलवी बदर, जामा मस्जिद के शाही इमाम मौलवी ताहिर, मेहरदीन सिद्दीकी, जाबिर हसन, चौधरी श्याम सिंह सहित हजारों लोग उनके आवास पर पहुंचे। नम आंखों से पूर्व सांसद अख्तर हसन को अंतिम विदाई दी गई।
शाम छह बजे जनाजे का काफिला रामड़ा रोड स्थित ईदगाह पहुंचा। जहां जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद उनका शव ईदगाह के बराबर में स्थित पैतृक कब्रिस्तान लाकर शव सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान उनके पौत्र विधायक नाहिद हसन, पुत्र सरवर हसन, हाजी अनवर हसन, कंवर हसन, अरशद हसन सहित हजारों लोग मौजूद रहे।
बेटे की क्रब के पास ही सुपुर्द ए खाक हुआ शव
ईदगाह के पास स्थित कब्रिस्तान में जहां पर पूर्व सांसद मुनव्वर हसन का शव सुपुर्द ए खाक किया गया था, शनिवार को पिता चौधरी अख्तर हसन का शव भी उनके बराबर में ही सुपुर्द ए खाक किया गया। गौरतलब है कि 2008 में सड़क हादसे में चौधरी मुनव्वर हसन का इंतकाल हो गया था।