शारदीय नवरात्र आज से शुरू हो जाएंगे। सुबह 7:00 बजे से 9:00 बजे तक घट स्थापना एवं अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करने का शुभ समय है। उधर, पूजन सामग्री और अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए बुधवार को बाजारों में खासी रौनक रही।
आज मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप शैलीपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की सांझी, नारियल, चुंदरी, फूलमाला, धूप, अगरबत्ती, घी आदि पूजा सामग्री की खरीदारी की। इसके चलते शहर में वीवी इंटर कॉलेज रोड, हनुमान रोड, गांधी चौक, बड़ा बाजार, नया बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ी रही। बाजारों में देेर शाम तक श्रद्धालुओं ने खरीदारी की। पंडित कुशलानंद जोशी और प्रेम किशोर कोठारी ने बताया कि 28 सितंबर को दुर्गाष्टमी होगी। कहा कि सुबह सात बजे घरों में मां दुर्गा के रूप में सांझी अथवा मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर चुंदरी, फूल से श्रृंगार करके घट स्थापना करें। मां दुर्गा के चित्र के सम्मुख अखंड अथवा साधारण ज्योति प्रज्ज्वलित करके गणेश पूजन, कलश स्थापित करें। दुर्गा सप्तशती का पाठ, महालक्ष्मी, सरस्वती, महाकाली की पूजा एवं मंत्रोच्चार करें। महाआरती के बाद पूजा समाप्त करें। सुबह मंदिर में जाकर भी मां दुर्गा की पूजा, अर्चना भी कर सकते हैं।