चौसाना। स्कूलों, मदरसों में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। मदरसों सहित सभी स्कूलों में ध्वजारोहण किया गया। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शहीदों को याद किया गया।
चौसाना स्थित ज्योतिबा फूले इंटर कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने सभी का मनमोह लिया। सुभाषचंद्र बोस के जीवन पर आधारित लघु नाटिका के माध्यम से देश के शहीदों को याद किया गया तो ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ नाटक के माध्यम से बेटी को अधिकार दो के प्रति सभी को जागरूक किया। प्रबंधक कंवरपाल सिंह ने झंडारोहण किया। प्रधानाचार्य गौरव सैनी ने बच्चों को शहीदों के बारे में जानकारी दी। दथेड़ा स्थित सन साइन पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य बिट्टू कुमार ने ध्वजारोहण किया। बच्चों ने देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से सबका दिल जीता।