बकाया गन्ना भुगतान के मसले पर वार्ता विफल
शामली। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान की मांग को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने अपर दोआब शुगर मिल के यूनिट हेड से वार्ता की। यूनिट हेड ने कहा कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के 10 दिन बाद 10 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन किसानों ने कहा कि कम से कम 20 करोड़ रुपये भुगतान होना चाहिए। इसके चलते वार्ता का कोई निष्कर्ष नहीं निकल सका।
भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने सोमवार दोपहर शुगर मिल में हंगामा प्रदर्शन करने के बाद रात नौ बजे तक धरना दिया था। रात में तय हुआ था कि मंगलवार सुबह शुगर मिल के यूनिट हेड के साथ वार्ता होगी, जिसमें भुगतान को लेकर निर्णय होगा। मंगलवार को भाकियू नेता कुलदीप पंवार, विनोद निर्वाल, जिला पंचायत सदस्य मास्टर जाहिद, पुष्पेंद्र डायरेक्टर और हाजी इकराम आदि शुगर मिल में पहुंचे और यूनिट हेड आरबी खोखर से वार्ता की। करीब एक घंटे तक वार्ता चलती रही। इस दौरान यूनिट हेड ने कहा कि कांवड़ यात्रा के बाद दो अगस्त तक भरसक प्रयास करते हुए 10 करोड़ रुपये भुगतान कर देंगे। इस पर भाकियू नेताओं ने कहा कि किसानों का 90 करोड़ रुपये से ज्यादा भुगतान बकाया है, जिसके चलते कम से कम 20 करोड़ रुपये भुगतान इस अवधि में होना चाहिए। इस पर यूनिट हेड ने सहमति नहीं जताई, जिसके चलते वार्ता से कोई निष्कर्ष नहीं निकल पाया। भाकियू नेता कुलदीप पंवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के बाद कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई जाएगी, जिसमें निर्णय लिया जाएगा कि भुगतान को लेकर आंदोलन की क्या रणनीति बनाई जाए।