खिलाड़ियों का बीएसएम स्कूल में गर्मजोशी से स्वागत
शामली। पदक जीतकर विद्यालय लौटे ताइक्वांडो के खिलाड़ियों का अभिनंदन किया गया। बीएसएम स्कूल के चेयरमैन सूर्यवीर सिंह ने कहा कि ताइक्वांडो आत्मा सुरक्षा के लिए आवश्यक है, आज के समय में प्रत्येक छात्र-छात्राओं को इसका महत्व समझते हुए बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए।
10 फरवरी को जिला ताइक्वांडो संघ सहारनपुर की ओर से अटलबिहारी वाजपेयी इंटर कालेज ताइक्वांडो चैंपियनशिप डॉक्टर भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित की गई। प्रतियोगिता में शामली, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, देहरादून, रामपुर , गाजियाबाद और मेरठ आदि जिलों के लगभग 450 बच्चों ने हिस्सा लिया। बीएसएम स्कूल के छह खिलाड़ियों में कक्षा नौ की निशा चौधरी व कक्षा 6 के प्रिंस चौहान ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया । कक्षा पांच के लविश मलिक ने रजत पदक, कक्षा चार के वासु मलकानिया, आयुष कुमार व वृक्षित ने कांस्य पदक प्राप्त कर स्कूल के नाम को चमकाया। ताइक्वांडो कोच विकास सैनी को इस सफलता के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन सूर्यवीर सिंह ने कोच व विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि ताइक्वांडो आत्मा सुरक्षा के लिए अति आवश्यक है। इस मौके पर प्रधानाचार्या निर्मला मलिक ने सभी खिलाड़ियोें व कोच को जीत के लिए बधाई दी और कहा कि प्रशिक्षण की कोई सीमा नही होती। आत्मसुरक्षा की ओर यह कदम सराहनीय है।