अमर उजाला ब्यूरो
शामली। मेरठ-करनाल हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर हुई तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो निजी चिकित्सक समेत सात लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को सामुुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
सोमवार की रात फुगाना थानाक्षेत्र के गांव खरड़ निवासी किसान देेवेंद्र अपने नौकर बिट्टू के साथ शामली चीनी मिल में ट्रैक्टर-ट्राली से गन्ना तुलवाने आए थे। लौटते वक्त रात करीब 11 बजे शहर गांव बुटराड़ी के निकट ट्रक ने उनके ट्रैक्टर मेें टक्कर मार दी। इसमें देवेंद्र और बिट्टू घायल हो गए। सीएचसी से गंभीर हालत में देवेंद्र को हायर सेंटर रेफर कर दिया जबकि बिट्टू को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दूसरी दुर्घटना रात करीब साढ़े 11 बजे हाईवे पर गांव लांक के निकट हुई। कार सवार डाक्टर गुलजार, डाक्टर मुन्तियाज अपने परिचित इकबाल अहमद और नसरुद्दीन के साथ कार से शामली की तरफ आ रहे थे। गांव लांक पुलिस चौकी के निकट पिकअप गाड़ी से कार की टक्कर हो गई। इसमें चारों गंभीर घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। तीसरी दुर्घटना आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में रेलवे स्टेशन के सामने बाईपास पर हुई। गांव सल्फा निवासी राजू शामली में रिक्शा चलाता है। मंगलवार दोपहर वह रिक्शा लेकर बाईपास से जा रहा था। रेलवे स्टेशन के सामने बाइक ने रिक्शा में साइड मार दी। साइड लगते रिक्शा समेत वह नाले में गिरकर गंभीर घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। दुर्घटना के बाद आरोपी बाइक सवार मौके से फरार हो गया।