अमर उजाला ब्यूरो
कांधला। कस्बे के संत गोरखनाथ स्कूल में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मोहल्ला सरावज्ञान स्थित संत गोरखनाथ विद्यालय में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर के समाजसेवी विष्णु प्रकाश अग्रवाल, थानाध्यक्ष सुनील दत्त, ईश्वर दयाल कंसल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उसके उपरांत सरस्वती वंदना के बाद रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इस मौके पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की जिला संयोजिका संगीता जिंदल अपनी पूरी टीम के साथ विद्यालय प्रांगण में उपस्थित रही। उन्होंने बच्चों को बताया कि इस अमूल्य जीवन की कल्पना बिना बेटी के की ही नहीं जा सकती है। बेटी आज के समय में बेटों से आगे बढ़कर कार्य कर रही है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या ने कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। मौके पर स्कूल की डायरेक्टर उषा मित्तल, प्रबंधक क्षितिज मित्तल, अनु बंसल, नीतू वत्स आदि मौजूद रहे।