कैराना। कांधला-कांधला के बीच पीएसी कैंप की स्थापना की मांग को लेकर भाजपा नेता अनिल चौहान ने अन्य लोगों के साथ लखनऊ पहुंचकर गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा को ज्ञापन सौंपा। गन्ना राज्य मंत्री ने भी गृह सचिव से फोन पर वार्ता कर पीएसी कैंप की स्थापना कैराना-कांधला के मध्य कराने की बात रखी है।
लखनऊ पहुंचे कैराना से भाजपा नेता अनिल चौहान ने गन्ना राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेश राणा को ज्ञापन सौंपा। कहा कि स्वर्गीय बाबू हुकुम सिंह ने क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता को सुरक्षित वातावरण देने के लिए कैराना-कांधला पलायन का मुद्दा उठाया था। बाबू हुकुम सिंह का सपना था कि कैराना-कांधला के मध्य पीएसी कैंप की स्थापना कराई जाए, जिसके लिए वह लगातार प्रयासरत रहे थे। उधर, सीएम ने भी कैराना लोकसभा उपचुनाव के दौरान शामली आने पर कैराना-कांधला के बीच पीएसी कैंप की स्थापना कराने की घोषणा की थी। वहीं, शासन के निर्देश पर पीएसी कैंप के लिए जमीन तलाशने का कार्य जिला प्रशासन को दिया गया, तो जिला प्रशासन कैराना-कांधला के स्थान पर शामली में भैंसवाल के पास पीएसी कैंप स्थापित कराने की तैयारी कर रहा है, जिससे कैराना और कांधला के लोगों में मायूसी है। राज्य मंत्री सुरेश राणा ने तत्काल गृह सचिव से फोन पर वार्ता की और उन्हें मुख्यमंत्री की घोषणा एवं निर्देशानुसार कैराना-कांधला के बीच ही पीएसी कैंप की स्थापना कराये जाने की बात कही। ज्ञापन देने वालों में गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन राजबीर चौहान, मनोज प्रधान, अमित विश्वकर्मा के अलावा कंडेला तथा ऊंचागांव के लोग भी मौजूद रहे।