साथ मिलकर मनाए ईद का त्योहार
शामली/कैराना। शहर कोतवाली और कैराना में ईद के अवसर पर शांति समिति की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान पुलिस ने लोगों की समस्याएं जानी तथा ईद के त्योहार को मिलजुल कर हर्षोल्लास से मनाने की अपील की।
मंगलवार को कोतवाली शामली में शांति समिति की बैठक में कोतवाली पुलिस ने लोगों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। कोतवाली प्रभारी जेएस कालरा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर, कैराना में सीओ राजेश कुमार तिवारी व कोतवाली प्रभारी भगवत सिंह ने कस्बे के जिम्मेदार नागरिकों व सभासदों से त्योहार पर किसी भी तरह की होने वाली परेशानी व सुझाव के बारे में जानकारी मांगी। इस दौरान कहा गया कि ईद आपसी भाईचारे व प्यार के साथ मनाई जाए। कस्बे में त्योहार के मद्देनजर साफ सफाई पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा साप्ताहिक बुध बाजार के अलावा मीना मार्केट, जोड़िया कुआं, गुंबद व पट्टो वाला पर पुलिस बल के साथ ही महिला कांस्टेबलों की ड्यूटी लगाने को कहा गया। एसएसआई सुनील दत्त, एसआई अमन सिंह, एसआई अंजू , जय किशोर, शोकेंद्र पाल के अलावा सभासद शगुन मित्तल, ईश्वर चंद जाटव आदि मौजूद रहे।