धोखाधड़ी के दो मामलों में रिपोर्ट दर्ज
कैराना (शामली)। धोखाधड़ी के दो मामलों में न्यायालय के आदेश पर कैराना कोतवाली में पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कस्बा कैराना स्थित आर्यपुरी देहात निवासी कलीराम ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि सात अप्रैल 2017 को आर्यपुरी देहात के चरण सिंह, मंजू, अय्यूब व दीपक ने उसकी जमीन का धोखाधड़ी करते हुए फर्जी बैनामा करा लिया। वहीं, दूसरे मामले में गांव लिलौन निवासी इस्पाल ने बलराम पुत्र सुंदर निवासी गांव रटोंद थाना झिंझाना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। आरोप है कि 4 अक्टूबर 2017 को बलराम ने जमीन का बैनामा कराने के बाद इस्पाल को बैंक खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा था, लेकिन रकम खाते में नहीं पहुंची। मांगने पर उसने इंकार कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में नामजद लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके जांच प्रारंभ कर दी है।
बच्ची से दुष्कर्म के मामले में रिपोर्ट दर्ज
कैराना। मदरसे से लौट रही बच्ची को घर के अंदर खींचकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक महिला व अज्ञात युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास चल रहा है।
कैराना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी चार वर्षीय पुत्री एक अप्रैल को गांव में ही मदरसे से घर लौट रही थी। गांव की महिला ने उसे अपने घर में खींच लिया और अज्ञात युवक से दुराचार कराया गया। आरोपी पक्ष ने उन्हें कार्रवाई न कराने की धमकी दी, जिस कारण वह घर से बाहर नहीं निकल सके। चार दिन बाद तहरीर दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शांतिभंग में एक गिरफ्तार
कैराना। गांव मवी निवासी नेत्रपाल को पुलिस ने गांव में ही लोगों के साथ गालीगलौज करते हुए पकड़ लिया। उसे शांतिभंग की धारा में चालान कर कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अवैध वसूली का आरोप लगाया
शामली। कस्बा थानाभवन में क्लीनिक संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवकों ने बुधवार को उसके क्लीनिक पर पहुंचकर गाली गलौज की और दो लाख रुपये न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। थानाभवन पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरु कर दी है। उधर, थानाभवन क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी अजय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत पत्र भेजकर गांव के ही युवक पर धमकी देने और रुपयों की मांग करने का आरोप लगाया। आरोप है कि आरोपी युवक द्वारा धमकी दिए जाने के कारण वह घबराया हुआ है। मामले में कार्रवाई की मांग की गई है।