शामली॥ देशभक्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ संगीन आरोपों में रिपोर्ट दर्ज होने पर उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। पुलिस अधिकारियों से मांग है कि मामले में गंभीरता से निष्पक्ष जांच कराकर रिपोर्ट को खारिज किया जाए।
शनिवार को शामली में करनाल रोड स्थित आरके इंटर कॉलेज में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद शामली की बैठक हुई। उसमें प्रधानाचार्य परिषद शामली के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने कहा कि देशभक्त इंटर कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ राजनीतिक विद्वेष की वजह से छात्राओं को मोहरा बनाकर संगीन आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराया जाना निंदनीय है। दर्ज हुई रिपोर्ट निरस्त होनी चाहिए, क्योंकि शिक्षा के मंदिर में जातिगत राजनीति को घसीटना दुखद है। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानाचार्य परिषद का प्रतिनिधि मंडल जल्दी ही एसपी से मुलाकात कर वस्तु स्थिति से अवगत कराएगा। इस दौरान संगठन के संरक्षक ब्रजेश कुमार वशिष्ठ, लोकेंद्र, रूचिता ढाका, डॉ. हीरा सिंह, एसके आर्य, विनोद वर्मा, राजेंद्र शर्मा और प्रेमप्रकाश आदि प्रधानाचार्य मौजूद रहे।