कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु से मुलाकात कर दिल्ली - सहारनपुर रेल मार्ग की समस्याएं बताई। उन्होंने शामली में रेलवे क्रासिंग पर आरओबी का निर्माण कराने तथा रेलवे स्टेशन का उच्चीकरण कराने की मांग रखी।
मंगलवार को कैराना से भाजपा सांसद हुुकुम सिंह ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु से मुलाकात की। उन्हें दिल्ली-शामली के बीच रेल सुविधा, शामली शहर में निरंतर बढ़ती ट्रैफिक की समस्या, शामली रेलवे स्टेशन के जीर्णोद्धार/उच्चीकरण का उल्लेख किया गया। उन्होंने कहा कि जनपद शामली उत्तर प्रदेश का सबसे छोटा जनपद है। यहां तीन राष्ट्रीय मार्ग स्वीकृत हो चुके है। मेरठ-करनाल मार्ग काफी समय पूर्ण हो चुका है तथा पानीपत-खटीमा मार्ग का कार्य प्रगति पर है, जबकि दिल्ली-यमनौत्री मार्ग भी संवैधानिक रूप से राष्ट्रीय मार्ग स्वीकृत हो चुका है। ऐसे में जनपद के अंदर वाहनों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिस कारण शामली शहर घंटो जाम के कारण ठहर जाता है। बुढ़ाना रोड रेलवे क्रासिंग और धीमानपुरा रेलवे क्रासिंग पर आरओबी का शीघ्र निर्माण होना अत्यंत आवश्यक है। इसके अतिरिक्त शामली रेलवे स्टेशन दिल्ली-सहारनपुर रेलमार्ग पर एक मुख्य स्टेशन है, यहां से बड़ी संख्या में प्रतिदिन यात्री आवागमन करते हैं। इसके चलते रेलवे स्टेशन का जीर्णोद्धार/उच्चीकरण होना भी जनहित में आवश्यक है।