शामली। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान दोबारा से अतिक्रमण करने वाले 12 दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। साथ ही 20 दुकानदारों को नोटिस भेज दिया गया है। पुलिस और पालिका कर्मियों ने दुकानों के बाहर, सड़कों पर खड़ी रेहड़ियों और वाहनों को भी हटवाया।
त्योहारी सीजन और अतिक्रमण के कारण लगने वाले जाम को लेकर पुलिस प्रशासन गंभीर है, जिसके चलते सीओ के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। दो दिन पूर्व भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी। शुक्रवार को फिर से सीओ ने पुलिस बल और नगरपालिका कर्मियों के साथ अभियान को चलाया।
इस दौरान गुरुद्वारा तिराहे से लेकर फव्वारा चौक तक अतिक्रमण हटवाया गया। साथ ही अतिक्रमण करने वाले 12 दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया। इस दौरान बीस दुकानदारों को नोटिस दिया गया। सीओ सिटी निशांक शर्मा ने बताया कि बाजारों में होने वाली भीड़ और जाम से बचाव के लिए अभियान चलाया गया है। इसमें दुकानदारों के सहयोग करना चाहिए। तभी शहर को जाम से मुक्त किया जा सकता है।