बालाजी जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा
अमर उजाला ब्यूरो
कैराना। बालाजी जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुंदर सुंदर मनमोहक झांकियों के साथ ही बैंडबाजों की भक्ति भरी धुनों पर श्रद्धालु झूम उठे। शोभायात्रा के अंत में भगवान बालाजी रथ पर सवार थे, जिसे भक्त नाचते गाते अपने हाथों से खींच रहे थे।
शनिवार को हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में श्रद्धालुओं के सहयोग से प्राचीन सिद्धपीठ बाबा बनखंडी महादेव मंदिर से भगवान बालाजी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्री गणेश, नरसिंह अवतार, अष्टभुजा धारी मा दुर्गा, अर्धनारीश्वर भगवान शिव, श्रीराम लक्ष्मण परिवार, पवनपुत्र हनुमान, कुष्ण राधा आदि की सुंदर सुंदर झांकियां थी। अघोरी साधुओं के बीच भगवान शिव नृत्य कर रहे थे। साथ ही आर आर कान्वेंट पब्लिक स्कूल द्वारा सेना के जाबाज जवानों की झांकी में पुलवामा हमले के शहीद शामली के जाबांज अमित कुमार व प्रदीप कुमार के चित्रों पर फूल मालाएं चढ़ी हुई थी। शोभायात्रा में राजस्थान का लोकनृत्य आकर्षण का केंद्र बना था। वहीं, शोभायात्रा के अंत में श्रद्धालु हाथों में भगवा लहराते व गुलाल उड़ाते डीजे की भक्ति भरी धुनों पर नाच रहे थे। भगवान बालाजी सुंदर पुष्पों के रथ पर विराजमान थे। बालाजी के रथ को श्रद्धालु बडे़ रस्सों के सहारे हाथों से खींच कर बालाजी की जय जय कार के नारे लगा रहे थे। इससे पूर्व बालाजी के रथ के सारथी की बोली नवीन कुमार कंसल और बालाजी के सेवादार की बोली विकास सिंघल उर्फ विक्की ने ली। शोभायात्रा बनखंडी महादेव मंदिर से शुरू होकर चौक बाजार, जोडियां कुंआ, सराफा बाजार, निर्मल चौराहा, पुराना बाजार, पट्टो वाला, मोहल्ला गुंबद, शामली स्टैंड, बेगमपुरा होते हुए रात 12 बजे पुन: बनखंडी महादेव मंदिर पर जाकर संपन्न हुई। इस अवसर पर सुरक्षा के मद्देनजर कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर व पुलिस पीएसी के जवान मौजूद रहे।