कैराना। प्रशासनिक स्तर पर लोकसभा-2019 चुनाव की तैयारियां शुरू हो चुकी है। तहसीलदार ने लेखपालों के साथ बैठक कर उन्हें पोलिंग बूथों के नक्शे बनाए जाने के निर्देश दिए।
रविवार को तहसील सभागार कक्ष में तहसीलदार रनबीर सिंह ने लेखपालों की बैठक की। कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, जिसके लिए अपनी तैयारियों को पूरा कर लिया जाए। उन्हाेंने निर्देशित किया कि हल्का लेखपालों को अपने-अपने इलाकों में पोलिंग बूथों के साथ-साथ आसपास की गतिविधियों पर नजर रखते हुए नक्शे बनाने होंगे। इसी के साथ बूथों के आसपास पेयजल, प्रकाश की व्यवस्था आदि की सुविधाओं से भी आगाह कराना होगा। संवेदनशील बूथों के पास मकानों की सूची भी उपलब्ध करानी होगी, जिससे असामाजिक तत्वों को पहले ही चिह्नित कर उन पर कड़ी नजर रखी जाए। तहसील क्षेत्र में कुल 285 पोलिंग बूथ हैं। उन्होंने लेखपालों को तैयारियों में जुट जाने के निर्देश दिए।