स्वाभिमान यात्रा का स्वच्छकारों ने स्वागत किया
शामली। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय स्वच्छकार समाज महासभा और राष्ट्रीय भागीदारी आंदोलन के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी के सारनाथ से शुरू हुई स्वच्छकार स्वाभिमान यात्रा का शामली पहुंचने पर महिला-पुरुष सफाई मजदूरों ने स्वागत किया। इस दौरान उप्र सफाई कर्मचारी संघ की तरफ से समाज कल्याण विभाग की राज्य निगरानी समिति के सदस्य को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया।
बृहस्पतिवार को पहुंची स्वाभिमान यात्रा का शामली में नगरपालिका पर पहुंचने पर सफाई मजदूरों ने यात्रा की अगुवाई कर रहे संघ के प्रदेश अध्यक्ष पप्पू ताराचंद को पगड़ी बांधी। चांदी का मुुकुट और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्हें गौतमबुद्ध की स्मृति चिह्न भेंट किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सदियों से सफाई पेशे से जुड़ा समाज शोषण, उत्पीड़न का शिकार होकर दीनहीन और दयनीय दशा में करीबी और लाचारी की जिंदगी जी रहा है। स्वच्छकार, कामगार सफाई मजदूरों के सामाजिक शैक्षिक एवं आर्थिक विकास और राजनैतिक भागेदारी के लिए समाज में जन जागरण और जन चेतना जागृति पैदा कर इनके हक और अधिकारों के लिए यह स्वाभिमान यात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान महासभा और आंदोलन के पदाधिकारी बाबा राम प्रकाश भारती, राकेश कठोरिया, सतीश, महेश वाल्मीकि, नरेश ने सफाई पेशे से जुड़े स्वच्छकारों को आपसी भेदभाव भूलकर एकजुट होकर अपने हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ की तरफ से समाज कल्याण विभाग की राज्य निगरानी समिति के सदस्य धीरेंद्र वाल्मीकि को सात सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में संविदा सफाई कर्मचारी को स्थायी करने, अनुकंपा के आधार पर मृतक आश्रित में संविदा पर नियुक्ति देने, सफाई कर्मचारियों को समान कार्य समान वेतन का लाभ देने आदि मांग रखी गई। इस अवसर पर शामली के यात्रा प्रभारी जितेंद्र चंद्रा, यात्रा सहप्रभारी दीपक चंद्रा, मनोज कुमार, आदेश कुमार सैनी, प्रदीप बिडला, मनोज, हंसराज, संतराम, दीपक बिडला, नरेश प्रधान, राजन पाहिवाल, शशिकांत, मनोज कुमार, धर्मवीर महारोलिया, विनोद कागड़ा, सचिन तेश्वर, सन्नी तेश्वर, सभासद पंकज गुप्ता, नीशू संगल, राजीव गोयल आदि मौजूद रहे