कई मोहल्लों में जलभराव से हुई परेशानी
कैराना।
कस्बा कैराना में बृहस्पतिवार सुबह से लगातार चार घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इस कारण कस्बा में विभिन्न स्थानों पर जलभराव हो गया। लोगों को परेशानियां उठानी पड़ी।
चार घंटे की इस बारिश से नगर के मोहल्ला दरबारकलां, दरबारखुर्द, छड़ियान, आलकलां, चौक बाजार, अफगानान, खैलकलां, इमाम चौराहा, खैलखुर्द, बिसातियान, पीरजादगान सहित विभिन्न मोहल्लों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भारी जलभराव की समस्या पैदा हो गई। पानी के बीच से गुजरने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गुलशन नगर कॉलोनी में लोगों को अत्यधिक परेशानी उठानी पड़ी, जहां लोगों ने घरों से पानी को बाहर निकाला। उधर, झिंझाना-भूरा रोड पर स्थित नाहिद कॉलोनी में बरसात के चलते विस्थापितों की नींद उड़ गई है। कॉलोनी में विस्थापितों की झुग्गियों में भी पानी घुस गया है, जिस कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इनके अलावा कचहरी, तहसील परिसर सहित कोतवाली गेट पर भी जलभराव हुआ रहा, जिस कारण फरियादियों को कठिनाई का सामना करना पड़ा। क्षेत्र में 60 एमएम पानी बरसने की रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है।