शामली। जिले वासियों के लिए अच्छी खबर है। अब टूटी हड्डी का आप्रेशन और इलाज हाईटेक मशीन से निशुल्क शामली के सरकारी अस्पताल में होगा। इसके लिए सीआर्म मशीन भी आ चुकी है।
शामली सरकारी अस्पताल में दो-दो ऑर्थोपैडिक सर्जन होने के बाद भी हड्डी के बड़े आप्रेशन नहीं हो पा रहे थे। इसका कारण यहां पर सीआर्म मशीन नहीं थी। इससे मरीजों को टूटी हड्डी का आप्रेशन कराने के लिए प्राइवेट अस्पतालों में जाना पड़ता था। पर अब शामली अस्पताल में हड्डी के आप्रेशन के लिए बड़ी मशीन आई। सीआर्म नाम की यह मशीन हाईटेक है। इस मशीन से टूटे हाथ या फिर पैर में दूरबीन द्वारा आप्रेशन कर रॉड डाली जा सकेगी। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि शामली अस्पताल में आई यह मशीन पूर्व विधायक सोमांश प्रकाश ने दान में दी है। डीएम शामली इंद्रजीत विक्रम सिंह, चेयरमैन राजेश्वर बंसल के प्रयास से मशीन शामली सीएचसी में लगवाई जा रही है। जल्द ही यह मशीन चालू हो जाएगी और शामली सरकारी अस्पताल में हड्डी के मामलों के आप्रेशन शुरु हो जाएंगे।
प्राइवेट में आता है मोटा खर्च
हड्डी के आप्रेशन कराने और यदि किसी के हाथ पैर में रॉड डालनी पड़ जाती है तो इसके लिए मरीज प्राइवेट अस्पतालों में जाते है। जहां पर डाक्टरों द्वारा आप्रेशन के नाम पर मोटा बिल बना दिया जाता है। इस कारण गरीब कर्ज में डूब जाता है।
शामली अस्पताल में तैनात है दो-दो ऑर्थोपैडिक सर्जन
जिला अस्पताल के रूप में काम कर रही शामली सीएचसी में डाक्टरों की कमी नहीं है। अस्पताल में दो हड्डी रोग विशेषज्ञ और सर्जन है। इनमें एक डाक्टर रामनिवास और दूसरे डाक्टर जाहिद अली त्यागी है। दोनों फिलहाल मरीजों को देख रहे है, लेकिन मशीन नहीं होने के कारण बड़ा आप्रेशन नहीं कर पा रहे थे। अब मशीन आ गई है। जिस कारण मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।