शामली। गांव गोहरनी में भाग मिल्खा भाग दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शामली के अलावा आसपास के जनपद के धावकों ने प्रतिभाग कर अपना दम दिखाया। 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में बिजनौर के अरुण ने सबको पीछे छोड़ मिल्खा सिंह का खिताब जीता। वहीं द्वितीय और तृतीय स्थान पर मेरठ जनपद के गांव छुर के धावक रहे। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रविवार को हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुलदीप सिंह पाल ने भारत माता के चित्र पर द्वीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने कहा कि मानव का जीवन संघर्ष से भरा हुआ है। कड़ी मेहनत व लगन से हर मंजिल को छुआ जा सकता है। युवा शक्ति ही राष्ट्र, समाज व परिवार की तरक्की कर सकती है। इसके बाद शुरू हुई प्रतियोगिताओं में शामली, बिजनौर, मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर के साथ ही विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों धावकों ने प्रतिभाग किया। भीषण गर्मी में भी सबको पछाड़ते हुए बिजनौर के गांव अर्जुनपुर निवासी अरुण पुत्र चंद्रभान ने मिल्खा सिंह का खिताब जीता। मेरठ के गांव छुर के अमित पुत्र ओमप्रकाश ने द्वितीय तथा हिमांशु पुत्र सतेंद्र ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता धावकों को 5100, 3100 तथा 2100 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर सूरज पंडित, सुनील पाल, अंकुर पाल, रविंद्र पाल, रोहित प्रजापति, लवि कश्यप, रवि खत्री, सौरभ, नितिन, अंकुश पाल, जितेंद्र पाल, प्रधान विपिन राणा, ललित कुमार आदि मौजूद रहे।