एसओ को बूथ पर जाकर एसपी को देनी होगी लोकेशन
शामली। पुलिस लाइन में एसपी ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली तथा उपचुनाव के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिले के सभी मतदान केंद्रों की जिम्मेदारी के लिए सीओ और एसओ को नामित कर दिया तथा उनको स्वयं भौतिक सत्यापन कराने के साथ ही इसकी एक सेल्फी भेजने के निर्देश दिए।
एसपी देवरंजन वर्मा ने बैठक में कहा कि जिले में 425 के करीब मतदान केंद्र है। मतदाता केंद्रों पर व्यवस्था की जिम्मेदारी संबंधित एसओ की होगी। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह के भीतर सभी मतदान केंद्रों का सत्यापन कर लिया जाए। सत्यापन किसी सिपाही से नहीं कराया जाए, इसके लिए स्वयं थानाध्यक्ष को मौके पर जाना होगा। एसओ स्वयं मौके पर जाकर मतदान केंद्र की लोकेशन लेंगे और वहां की लोकेशन की पिक लेकर व्हाट्सअप करेंगे। साथ ही एसओ वहां गए इसके लिए भी अपनी सेल्फी लेकर चुनाव वाले ग्रुप पर डालेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाली फोर्स की व्यवस्था जहां उनकी ड्यूटी लगाई जाएगी, उसके आसपास की जाएगी और फोर्स को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा कर रिपोर्ट भेजी जाए। इस दौरान सीओ, एसओ तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।