यूपी बोर्ड मूल्यांकन का बुधवार को पांचवां दिन रहा। पिछले दो दिन से मूल्यांकन कार्य में थोड़ी तेजी आई है। वहीं शिक्षकों की कमी के चलते हाईस्कूल में हिंदी विषय का मूल्यांकन कार्य धीमा चल रहा है। जिसके चलते मूल्यांकन के समय में बदलाव करते हुए दो घंटे की बढ़ोतरी की है। बुधवार को 417 परीक्षकों ने हाईस्कूल व इंटर की 23 हजार कापियों का मूल्यांकन हुआ है।
शहर के आरके इंटर कॉलेज में यूपी बोर्ड का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। वित्तविहीन शिक्षकों की कमी के कारण हाईस्कूल में हिंदी विषय का मूल्यांकन कार्य काफी धीमा चल रहा है।
उप सह नियंत्रक श्रवण कुमार ने बताया कि मूल्यांकन कार्य में तेजी लाने के लिए समय बढ़ाया गया है। जिसमें पहले का समय दस से चार बजे तक था। जिसमें बदलाव करते हुए नौ बजे से पांच बजे तक कर दिया गया है। हर दिन परीक्षकों की अनुपस्थिति घटती जा रही है। बुधवार को 482 परीक्षकों में से 417 परीक्षक उपस्थित रहे और 65 परीक्षक अनुपस्थित रहे। जिसमें बुधवार को 23 हजार कापियों का मूल्यांकन किया गया। जिसमें हाईस्कूल की 17 हजार और इंटर की सात हजार कापियों का मूल्यांकन किया गया। यदि वित्तविहीन शिक्षक नहीं आते है तो इंटर हिंदी की कापियों का मूल्यांकन होने के बाद उन परीक्षकों को हाईस्कूल हिंदी की कापियों के मूल्यांकन कार्य में लगाया जाएगा। समय रहते मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा।