रसायन विज्ञान का सरल पेपर देख परीक्षार्थियों के चेहरे खिर्ले
शामली। सीबीएसई की परीक्षा में मंगलवार को इंटरमीडिएट की रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा में सभी केंद्रों पर 1276 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। सभी केंद्रों पर नौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे और 1267 ने परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद पेपर आसान आने से परीक्षार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।
मंगलवार को सीबीएसई की परीक्षा में सात केंद्रों पर इंटर रसायन विज्ञान विषय की परीक्षा हुई। परीक्षा जिला समन्वयक एके गोयल ने बताया कि महत्वपूर्ण परीक्षा होने के चलते सुबह सभी केंद्रों पर सभी परीक्षार्थियों की मेन गेट पर तलाशी ली गई। वहीं, परीक्षा प्रारंभ होने के बाद बनाए गए सचल द्वारा सात केंद्रों पर पहुंचकर चेकिंग अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि सभी केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित हुई। सभी जगह सीसीटीवी चलते मिले और किसी भी केंद्र पर कोई नकचली नहीं पकड़ा गया। परीक्षा छूटने के बाद शहर के मदरलैंड परीक्षा केंद्र पर छात्र राहुल, सौरभ ने बताया प्रश्नपत्र बेहद सरल था। सभी प्रश्न किताबों से ही आए थे, जिनको समय रहते आसानी से हल किया गया। वहीं, बीएसएम स्कूल के बाहर मिले छात्रा सोनिया व अनुष्का ने बताया कि परीक्षा अच्छी गई है। सभी प्रश्न आसान आए थे। सभी को समय रहते हल किया, जिस कारण रसायन विज्ञान विषय में अच्छे अंक आएंगे, जो कि प्रतिशत बढ़ाने में काफी कारगर साबित होंगे। बुधवार को इंटर की चित्रकला विषय की परीक्षा आयोजित होगी।