रासेयो शिविर में स्वयंसेवकों ने किया श्रमदान
झिंझाना। स्वामी कल्याणदेव वैदिक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के दौरान गांव सिकंदरपुर की मलिन बस्तियों में स्वच्छता अभियान चलाया। नालियों की सफाई की तथा ग्रामीणों को बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
सोमवार को आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पहले दिन स्वयंसेवक और सेविकाओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। लोगों को समझाया कि गंदगी के कारण अनेक प्रकार की बीमारियां फैलती हैं। अपने घर और आसपास साफ सफाई रखनी चाहिए। दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। कार्यक्रम में अतिथि रहे जिला पंचायत सदस्य सुनील चौधरी ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए कार्यों की खूब सराहना की। इस दौरान सोनिया, संगम, वर्ष, दीपांशी और मानसी ने जिला पंचायत सदस्य सुनील चौधरी को उपहार स्वरूप पौधा भेंटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कॉलेज प्राचार्या डाक्टर दीपिका गोयल ने बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना का शिविर तीन दिन चलेगा। सोमवार के शिविर में पवन कुमार, दीपक कुमार, रूपा, भारती, कीर्ति और अखिलेश आदि शामिल रहे।