ब्लाक परिसर में आयोजित राष्ट्रीय पंचायती राज प्रधान संगठन की बैठक में ग्राम पंचायत सचिवों के गांव में न पहुंचने पर प्रधानों ने रोष प्रकट किया। कहा कि इनकी संख्या कम होने के कारण गांवों में विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।
मंगलवार को खंड विकास कार्यालय के प्रांगण में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन की बैठक का आयोजन किया गया। ब्लाक अध्यक्ष प्रधान भारसी संदीप पंवार ने कहा कि ब्लाक में ग्राम पंचायत सचिव कम है। एक-एक ग्राम पंचायत सचिव पर कई-कई ग्राम पंचायत का चार्ज है। जिसके चलते ग्राम पंचायत सचिव गांवों में नहीं जा पाते है। ग्राम पंचायत सचिवों के गांवों में नहीं जाने के चलते विकास कार्य बाधित हो रहे है। ग्राम प्रधानों ने बैठक में सफाई कर्मियों के गांवों में नहीं जाने ओर मनेरगा का पेमेंट सही समय पर नहीं होने को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की। बैठक में ग्राम प्रधानों ने एडीओ पंचायत भूपेंद्र सिंह को ज्ञापन देकर खंड विकास कार्यालय में नए सचिवों की तैनाती की मांग की है। मौके पर ब्लाक प्रमुख हरविंद चौधरी, डॉ. योगेंद्र सिंह, वकील जंग, प्रवीण कुमार, संजीव चौधरी, श्रवण कुमार, रणवीर सिंह, अनिल दीवान सहित दर्जनों ग्राम प्रधान मौजूद रहे।