झिंझाना। क्षेत्र के गांव रजाकनगर निवासी रिटायर फौजी विजयपाल तोमर ने कहा कि देश के जो हालत इस समय चल रहे हैं, उस स्थिति में पाक से युद्ध होने की संभावना बनी हुई है। युद्ध होगा तो पाक को मुंह की खानी पड़ेगी। आज भारतीय सेना अत्याधुनिक हथियारों से लैस है, जो पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने में सक्षम है।
बुधवार को रिटायर फौजी विजयपाल तोमर ने बातचीत में बताया कि वह वर्ष 1961 में बरेली में जाट रेजीमेंट में बतौर सिपाही भर्ती हुए थे। 1962 में भारत चीन के बीच युद्ध की घोषणा होने पर उन्होंने वह लड़ाई लड़ी है। इसके बाद 1965 में दूसरा युद्ध पाकिस्तान के साथ हुआ, उसमें भी जीत हासिल की थी। इसके बाद 1971 में भी पाक द्वारा भारत पर किए हमले में भारत ने उसका मुंह तोड़ जवाब दिया था। उन्होंने तीनों लड़ाई लड़ी हैं। बताया कि सेना में रहते हुए तीन कोर्स वैपन, स्केटिंग, पीटी के करने के बाद बरेली और मद्रास ओटीएस में नये भर्ती सैनिकों को ट्रेनिंग भी दी है। वर्ष 1978 में हवलदार के पद से रिटायर होकर आम जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उनके दो पुत्रों में बड़ा पुत्र अशोक यूपी पुलिस में भर्ती थे, जिनकी वर्ष 2011 में दुर्घटना में आकस्मिक मौत हो गई थी।
अशोक का बेटा मनीष पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर उत्तराखंड में तैनात है। दूसरे बेटे जितेंद्र खेती बाड़ी करते है। जितेंद्र का बेटा विवेक सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा है। उधर, रिटायर फौजी ने बताया कि उनके समय में मात्र थ्री नाट थ्री की राइफल्स होती थी, जिसकी मैगजीन में मात्र दस कारतूस होते थे, लेकिन आज के समय में भरतीय सेना के पास अत्याधुनिक हथियार है। भारतीय सेना पाक को घर में घुसकर मारने की क्षमता रखती है। अगर सेना से उन्हें अब भी बुलावा आ जाए तो वे जाने को तैयार है। पाक ने सदा कायराना हरकत की है। हर बार उसने ही सीज फायर को तोड़ा है। भारत को अब पाक से आतंकियों का नामो-निशान मिटा देना चाहिये। भारत को यह मौका नहीं छोड़ना चाहिए।