अमर उजाला ब्यूरो
शामली। आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव बधेव कन्नूखेड़ा में धोखाधड़ी से राशन की दुकान आवंटन कराने के आरोप में कोर्ट के आदेश पर आरोपी महिला और ग्राम सचिव के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
आदर्श मंडी थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर गांव बधेव कन्नूखेड़ा निवासी अंकुर देशवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि गांव में राशन की दुकान बबलू के नाम आवंटित थी। राशन डीलर बबलू की 25 जुलाई 2017 को मौत हो गई थी। आरोप है कि डीलर की मौत के बाद एक महिला ने अपने को डीलर की पत्नी दर्शाकर और ग्राम सचिव के साथ मिलकर उचित दर की दुकान का आवंटन अपने नाम करा लिया। महिला ने गैर कानूनी तरीके से ग्राम सचिव और अन्य लोगों से मिलकर उचित दर की दुकान आवंटित कराने में धोखाधड़ी की है। अंकुर का आरोप है कि उसने दिसंबर 2018 में पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन पुलिस के कार्रवाई नहीं करने पर कोर्ट की शरण लेनी पड़ी। थाना प्रभारी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दुकान आवंटित कराने वाली आरोपी महिला और ग्राम सचिव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।