अब अस्पताल में रोज लगेंगे एंटीरैबीज के इंजेक्शन
कैराना(शामली)। एंटी रैबीज के इंजेक्शन लगवाने के लिए अब नियत दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। कैराना सीएचसी पर यह सुविधा अब हर कार्य दिवस पर मिलेगी। इसके अलावा चार पीएचसी पर भी यह सुविधा अब शुरू करा दी गई है।
सवा लाख से अधिक की आबादी के कैराना में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सप्ताह में केवल तीन दिन सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को एंटी रैबिज इंजेक्शन लगाए जाते थे। कैराना की आबादी व क्षेत्र के 42 गांवों में से किसी जगह शुक्रवार की शाम या शनिवार को कुत्ते ने काट लिया, तो सीएचसी पहुंचने पर बताया जाता था कि तीन दिन इंतजार करके सोमवार को आना। जिसके चलते मरीज को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा। अब कैराना सीएचसी पर सीएमओ के आदेश पर हर कार्य दिवस में एंटी रैबिज इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा क्षेत्र के गांव कंडेला, भूरा, ऊंचागांव व डुंडूखेडा के स्वास्थ्य केंद्रों पर भी सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए जाने की सुविधा मुहैया कराई है। केवल ऊंचा गांव स्वास्थ्य केंद्र पर बिजली सही नहीं आने के कारण फ्रिज के सही तरीके से काम नहीं करने पर इस सुविधा में कुछ रुकावट आ रही है। जबकि तीनों अन्य केंद्रों पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है। कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर सलीम ने बताया कि कैराना सीएचसी पर अब हर कार्य दिवस पर इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं, जबकि कंडेला, भूरा, ऊंचागांव व डुंडूखेडा में तीन दिन कुत्ते काटे के इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।