मानदेय बढ़ाने समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर जिले की महिला आंगनबाड़ी कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल नौवें दिन जारी रही। काली पट्टी बांधकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीएम के नाम ज्ञापन भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार को देकर मांग पूरी कराए जाने की मांग की।
सोमवार को उत्तर प्रदेश महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष राकेश देवी व जिलाउपाध्यक्ष सुनीता राठी के नेतृत्व में बनत मुजफ्फरनगर मार्ग पर जिले की महिला आंगनबाड़ी कर्मचारियों का धरना जारी रहा। उन्होंने 15 हजार सहायिकाओं को दस हजार रुपये का मानदेय दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा 28 सितंबर 2016 व 30 जून 2017 को मुख्य सचिव के साथ समझौते को पालन किए जाने, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 15 दिन का मानदेय रहित चिकित्सावकाश और इलाज के लिए धनराशि दिए जाने की मांग की है। मौके पर रूबी, मुकेश राठी, रीता, गीता, राजेश्वरी, सुषमा, संजना, सीमा, निधि शर्मा, निर्मला, सरिता मौजूद रही।