अमर उजाला ब्यूरो
शामली। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का पहले दिन मूल्यांकन कार्य शुरू नहीं हो पाया। इसकी वजह मूल्यांकन केंद्र पर पर्याप्त उत्तर पुस्तिकाएं न पहुंचना बताया गया। सहारनपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक बालेंदु सिंह ने मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और परीक्षकों से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन सावधानीपूर्वक करने के निर्देश दिए।
जिले में आरके इंटर कालेज शामली में बनाए गए मूल्यांकन केंद्र पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शुक्रवार से शुरू होना था, लेकिन उत्तर पुस्तिकाओं के पर्याप्त न पहुंचने के कारण मूल्यांकन कार्य शुरू नहीं हो सका। मूल्यांकन केंद्र के उप नियंत्रक प्रधानाचार्य कैप्टन लोकेंद्र सिंह ने बताया कि केंद्र पर बृहस्पतिवार को करीब 20 हजार ही उत्तर पुस्तिकाएं पहुंची थीं। इस कारण मूल्यांकन कार्य शुरू नहीं हो सका। शुक्रवार को उत्तर पुस्तिकाएं बड़ी संख्या में पहुंच रही है। उम्मीद है कि शाम तक करीब 70 हजार से अधिक उत्तर पुस्तिकाएं गैर जनपदों से यहां पहुंच जाएंगी। शनिवार से मूल्यांकन कार्य शुरू हो जाएगा। शुक्रवार सुबह सहारनपुर के संयुक्त शिक्षा निदेशक बालेंदु सिंह ने मूल्यांकन केंद्र पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षकों की बैठक लेकर मूल्यांकन संबंधी दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने परीक्षकों से सावधानी पूर्वक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। किसी भी प्रश्न का उत्तर बिना मूल्यांकन के न रहे, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। गलत उत्तर पर अंक न दिए जाए और सही उत्तर पर अंक न काटे जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक अनुराधा शर्मा ने परीक्षकों से कहा कि उत्तर पुस्तिकाओं में मिलने वाली अवांछनीय सामग्री पाई जाती तो उसे हाईलाइट न किया जाए। डीआईओएस ने विशेष हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी सूरत में उत्तर पुस्तिकाओं के फोटो ग्राफ न लिए जाए। सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य चलेगा। इस अवसर पर उप नियंत्रण कैप्टन लोकेंद्र सिंह, अमित मलिक, प्रवीण पंवार आदि मौजूद रहे।