सोमपाल ने जीता बीडीसी का उपचुनाव
शामली। गांव उमरपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य वार्ड संख्या एक के लिए हुए उपचुनाव में सोमपाल को विजेता घोषित किया गया। सोमपाल को 382 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे प्रदीप को 362 वोट प्राप्त हुए।
जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम उमरपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य धर्म सिंह का निधन होने पर यह पद रिक्त हो गया था। उपचुनाव के लिए गत 25 अगस्त को मतदान कराया गया। इस वार्ड के 1567 में से 766 मतदाताओं ने वोट डाले थे। चुनाव में सोमपाल और प्रदीप कुमार के बीच मुकाबला था। मंगलवार को थानाभवन ब्लाक कार्यालय पर मतगणना संपन्न कराई गई। तहसीलदार अभयराज पांडेय ने बताया कि मतगणना के दौरान 22 वोट निरस्त हुए। विजेता प्रत्याशी सोमपाल को 382 और दूसरे नंबर पर रहे प्रदीप को 362 वोट प्राप्त हुए। विजयी घोषित होने पर सोमपाल को प्रमाण पत्र सौंप दिया गया। सोमपाल के विजेता होने पर उनके समर्थकों ने ढोल बाजे के साथ खुशी मनाई और मिठाई भी बांटी गई।